दीपावली पर महालक्ष्मी मंदिर में विशेष तैयारियां, व्यवस्थाओं के लिए गठित की समितियां

अन्नकूट महोत्सव, सुगम दर्शन, टोकन वितरण और मंदिर की सजावट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की संभालेंगी जिम्मेदारी
उदयपुर।
दीपावली पर्व पर भट्टियानी चौहट्टा स्थित ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दर्शनार्थियों को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराने तथा अन्नकूट महोत्सव की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए श्रीमाली जाति संपत्ति व्यवस्था ट्रस्ट की आवश्यक बैठक मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष भगवतीलाल दसोत्तर ने की। ट्रस्ट सचिव मधुसूदन बोहरा ने बताया कि दीपावली पर माता महालक्ष्मी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और प्रसाद वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसके तहत अन्नकूट निर्माण समिति, दर्शन व्यवस्था समिति, टोकन वितरण समिति, मंदिर साज-सज्जा समिति, विद्युत व्यवस्था समिति तथा अन्नकूट प्रसाद वितरण समिति सहित अन्य समितियों का गठन किया गया है। बैठक में मंदिर की आकर्षक सजावट, विशेष विद्युत व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली के अवसर पर माता महालक्ष्मी के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना ट्रस्ट की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश श्रीमाली, ट्रस्टी जतिन श्रीमाली, हेमेंद्र जगनावत, शांतिलाल ओझा, जमनालाल ओझा, मुकेश जगनावत, जगदीश ओझा, ललित दुर्गावत, राजेंद्र ओझा, दीपक दवे, प्रकाश जगनावत सहित अन्य ट्रस्टी एवं सदस्य उपस्थित रहे।