राज्य स्तरीय अंडर-17 बैडमिंटन चैम्पियनशिप 22 से उदयपुर में

कमल भण्डारी जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष,  सुधीर बक्षी सचिव चुने गए

Creative from India to the World

उदयपुर । राज्य स्तरीय अंडर-17 बैडमिंटन चैम्पियनशिप 22 से 27 अगस्त तक उदयपुर के लवकुश स्टेडियम एवं चावत स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित होगी।
राज्य संघ के सचिव के. के. शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 30 जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के क्वालिफाईंग मुकाबले 22 और 23 अगस्त को खेले जायेंगे एवं मैन ड्रॉ के मुकाबले 24 अगस्त से शुरू होंगे।
प्रतियोगिता में एकल, युगल व मिश्रित युगल मुकाबले होंगे एवं प्रतियोगिता के आधार पर राजस्थान अंडर-17 बैडमिंटन टीम का चयन किया जायेगा जो कर्नाटक में 30 नम्बर से 05 दिसम्बर तक आयोजित अंडर-17 नेशनल बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भाग लेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन अध्यक्ष कमल भण्डारी व आयोजन सचिव जिला बैडमिंटन संघ, उदयपुर के सचिव सुधीर बक्षी व आयोजन सयुंक्त सचिव वीनु हिरण होंगे।
शर्मा ने बताया कि राजस्थान बैडमिंटन जगत के लिए यह बेहद गौरवशाली और हर्ष का विषय है कि प्रदेश के युवा शटलरों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पैठ बनाई है। अंडर-15, 17 और 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बेहतरीन परिणामों से आज पूरा देश गौरवान्वित है।
प्रमुख चयन एवं प्रतियोगिता विवरण :
अंडर-15 एवं अंडर-17 वर्ग (बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप, चीन) :
राजस्थान के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों अंशुमान चौधरी (अंडर-17 बॉयज़ सिंगल्स), अन्वी राठौर (अंडर-15 एवं अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स) और मनन शर्मा (अंडर-15 मिक्स्ड डबल्स) का चयन भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित अंतरर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता 8 से 13 सितंबर 2026 तक चीन के चेंगदू में खेली जाएगी। इसके लिए खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण कैंप गुवाहाटी में आयोजित किया जा रहा है।
अंडर-19 वर्ग (बीडब्ल्यूएफ (BWF) वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप, इजिप्ट):
प्रदेश की उभरती हुई खिलाड़ी पारुल चौधरी ने अंडर-19 वर्ग में चयन पाकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। राजस्थान के बैडमिंटन इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी महिला खिलाड़ी का अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर जूनियर चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। पारुल चौधरी इजिप्ट (मिस्र) के काहिरा में 11 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित बीडब्ल्यूएफ (BWF) जूनियर इंडिविजुअल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उदयपुर के सचिव सुधीर बक्षी ने बताया कि इन ऐतिहासिक चयनों ने साबित कर दिया है कि राजस्थान में बैडमिंटन की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आने वाले समय में पाइपलाइन में कई अन्य युवा शटलर भी हैं, जो अपनी मेहनत और कौशल के बल पर अंतरराष्ट्रीय फलक पर राजस्थान और देश का नाम रोशन करेंगे।
नई  कार्यकारिणी का गठन, कमल भंडारी अध्यक्ष,  सुधीर बक्षी सचिव बने :

इस अवसर पर  कार्यकारिणी का गठन किया गया जिसमें कमल भंडारी अध्यक्ष, सुधीर बक्षी सचिव, विनू हिरण कोषाध्यक्ष, राजेन्द्र गलुंडिया, सुरेन्द्र नाहर, योगेश पोखरना, हिम्मतसिंह पोरवाल, विनय जोशी एवं भगवान स्वरूप वैष्णव उपाध्यक्ष, चांद चावत संयुक्त सचिव तथा विप्लव माथुर, अमरकांत खुराना, सुखराम डिडेल, हिम्मत पांडा, विक्रमादित्य चौफला, महीपसिंह झाला, जितेन्द्र जैन, कुशाग्र मेहता, माया चावत, सुनीता भंडारी एवं नीलम पांडा कार्यकारी सदस्य बनाये गए हैं।
कमल भण्डारी ने कहा कि जिला बैडमिंटन संघ, उदयपुर के सारे पदाधिकारियों को गत वर्ष की सभी गतिविधिया सयुंक्त रूप से बहुत अच्छी तरह से हुई उसके लिए धन्यवाद ज्ञापित किया एवं आशा है कि भविष्य में भी इसी तरह कार्य करते रहे।