उदयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह और उमंग के साथ मनाने को लेकर उदयपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। केशव नगर गार्डन में महिला मंडल से जुड़ी महिलाएं पिछले 7 दिनों से लगातार योगाभ्यास कर रही हैं। योग प्रशिक्षक उमेश श्रीमाली के निर्देशन में महिलाएं नियमित रूप से योगासन, प्राणायाम और योग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कर रही हैं। एक जैसे परिधान में महिलाएं गार्डन में योग करती नजर आती हैं और योग दिवस पर शानदार प्रस्तुति देने की तैयारी में जुटी हैं। महिलाओं का उद्देश्य योग के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, सकारात्मकता और नियमित जीवनशैली का संदेश देना है। महिला मंडल से जुड़ी कई महिलाएं पिछले एक वर्ष से निशुल्क योग कक्षाओं में लगातार भाग ले रही हैं।

