दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अफीम के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ (मुकेश मूंदड़ा )। नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अनवरत प्रहार जारी है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के महानिरीक्षक विकास कुमार के दिशा-निर्देशन में ए.एन.टी.एफ. की टीम ने जिले में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। इन कार्रवाइयों में टीम ने कुल 1 किलो 315 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर तीन आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पहली कार्यवाही चंदेरिया थाना क्षेत्र में की गई जहां टीम को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि भीलवाड़ा-रोलाहेड़ा हाईवे सर्विस लाइन पर एक व्यक्ति पिठू बैग लटकाए खड़ा है, जिसके पास अवैध मादक पदार्थ है और वह बस का इंतजार कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची। हुलिये के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर टीम ने चतुराई से उसे चारों तरफ से घेरकर धर-दबोचा। इसके बाद स्थानीय चन्देरिया थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 810 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। टीम ने हनुमानराम पुत्र पदमाराम नाई निवासी ढाका का गोलिया जिला- बालोतरा को गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई सदर चित्तौड़गढ़ थाना क्षेत्र में की गई, जिसमें टीम को इनपुट मिला कि नीमच से दिल्ली जाने वाली एक ट्रेवल्स बस में दो तस्कर अवैध मादक पदार्थ लेकर सफर कर रहे हैं। इस सूचना पर टीम तुरंत चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर स्थित नरपत की खेड़ी पुलिया यात्री प्रतीक्षालय पहुंची और नाकाबंदी कर बसों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान जब अशोक ट्रेवल्स की स्लीपर बस को रोककर जांच की गई, तो स्लीपर नंबर 4 में बैठे दो युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए। टीम ने तुरंत स्थानीय सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से 505 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी राकेश गावडिया पुत्र परसाराम जाट निवासी कुचामन डीडवाना व देवाराम पुत्र जगदीश गुर्जर, निवासी गाजु, जिला नागौर को गिरफ्तार किया। ए.एन.टी.एफ. के अधिकारियों के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशीले पदार्थों के मुख्य सोर्स का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है।

Creative from India to the World