उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को नारायण सेवा संस्थान के लियों का गुड़ा स्थित परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने जापानी एवं जर्मन तकनीक से निर्मित 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूल आर्टिफिशियल लिंब फिटमेंट शिविर का उद्घाटन किया और कृत्रिम अंग (हाथ -पांव), कैलीपर व सर्जरी के लिए देश के विभिन्न राज्यों से आए दिव्यांगजन और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की।
जिला कलेक्टर ने संस्थान द्वारा संचालित दिव्यांगों के लिए निःशुल्क सिलाई, कंप्यूटर, मोबाइल, हस्तशिल्प आदि केंद्रों को भी देखा और प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैंने अपने अब तक के जीवन में दिव्यांग एवं निराश्रित जन को समर्पित इस तरह की सेवा को नहीं देखा। मुझे नहीं लगता कि देश में अन्यत्र कहीं इस तरह से दिव्यांगों की चिकित्सा, शिक्षण, प्रशिक्षण और पुनर्वास का काम होता हो। मानवीय संवेदना और सेवा की इस निःशुल्क यात्रा को देखकर यही कहा जा सकता है कि यह सब ईश्वर ही करवा रहे हैं।
संस्थान संस्थापक पद्मश्री अलंकृत कैलाश ‘मानव’, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल व निदेशक वंदना अग्रवाल ने जिला कलेक्टर का स्वागत किया। संस्थान अध्यक्ष ने उन्हें बताया कि संस्थान अब तक 4.52 लाख से अधिक दिव्यांगों की निःशुल्क सर्जरी, ढाई हजार से अधिक दिव्यांग -निर्धन जोड़ों के विवाह व दुर्घटनाओं में हाथ-पांव खो देने वाले 40 हजार से अधिक दिव्यांगों को संस्थान निःशुल्क आर्टिफिशियल लिंब उपलब्ध करवा चुका है।

