चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा )। शहरी क्षेत्र से होकर बह रही गंभीरी नदी से भटक कर बेबी क्रोकोडाइल खेतों में पहुंच गया, जहां एक छोटे जाल में फंसा हुआ था। किसान ने जाल सहित इसे सुरक्षित रखने के हिसाब से पानी की कुंडी में डालकर वन विभाग को सूचित किया। वन्य जीव प्रेमियों की टीम ने मौके पर पहुंच बेबी क्रोकोडाइल को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग की निगरानी में इसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन्य जीव प्रेमी मनीष तिवारी ने बताया कि शहर के मध्य से गंभीरी और बेडच नदी होकर गुजरती है, इन नदियों के किनारे शहरी क्षेत्र में भी खेती होती है, शहरी क्षेत्र के भोईखेड़ा में नदी किनारे स्थित एक किसान के खेत के यहां नदी किनारे बेबी क्रोकोडाइल जाल के छोटे टुकड़े में फंसा हुआ दिखा। इस पर किसान ने समझदारी दिखाते हुए उसे जाल सहित सुरक्षित बाहर निकालकर किसी भी संभावित खतरे से बचाने के लिए पास ही पानी की टंकी में रख दिया। इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। इसकी सूचना मिलते ही वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण समिति सदस्य राहुल वानखेड़े, रामकुमार साहू और मुबारिक खान तुरंत मौके पर पहुंचे, साथ ही वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बेबी क्रोकोडाइल को जाल से सफलतापूर्वक मुक्त कराया। रेस्क्यू के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

