उदयपुर : गुड़ली ग्राम पंचायत के ओडवाडिया गांव स्थित विद्यालय में शनिवार को खेल मैदान की चारदीवारी एवं मैदान विकास कार्य का भूमि पूजन हुआ। हिंदुस्तान जिंक के ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत जिंक स्मेल्टर देबारी द्वारा होने वाले इस कार्य से विद्यालय के खेल मैदान को नई पहचान मिलने के साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भूमि पूजन हिंदुस्तान जिंक देबारी के एसबीयू डायरेक्टर विवेक यादव ने किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल, हिंदुस्तान जिंक देबारी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी आदित्य नारायण ठाकुर, सीएसआर हेड रुचिका चावला, सीएसआर अधिकारी अपर्णा व्यास, विद्यालय के उपप्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह झाला, प्रकाश गमेती, जगदीश डांगी, प्रकाश गायरी, दिनेश डांगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विवेक यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल विद्यार्थियों में टीम भावना पैदा करता है और एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। अनुशासन के बिना सफलता की राह आसान नहीं हो सकती। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज मोबाइल जीवन का हिस्सा बन गया है, लेकिन बच्चों को इसका सीमित और सही उपयोग करना चाहिए। मैदान में पसीना बहाने से शरीर के साथ मन भी मजबूत होता है।
जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गोड़ ने कहा कि मोबाइल आज नासूर बनता जा रहा है। तकनीकी युग में मोबाइल उपयोगी भी है, लेकिन विद्यार्थियों को इसकी लत से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपनों को हकीकत में बदलने के लिए मैदान में उतरना होगा और उसके लिए मेहनत करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना भी विकसित करता है।
विद्यालय के खेल मैदान में चारदीवारी बनने से मैदान सुरक्षित होगा और विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। ग्रामीणों ने विकास कार्य को विद्यार्थियों के भविष्य से जोड़ते हुए इसे विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया। ग्रामीणों ने हिंदुस्तान जिंक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खेल मैदान विकसित होने से गांव के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
हिन्दुस्तान जिंक द्वारा होने वाले खेल मैदान की चारदीवारी व विकास कार्य का भूमि पूजन
