हिंदुस्तान जिंक की तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन को अभूतपूर्व सफलता, 9700 से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा

पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक सहभागिता, 27 राज्यों और 6 देशों के धावकों ने की भागीदारी

  99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से बने विशेष फिनिशर मेडल रहे आकर्षण का केंद्र

  रन फोर जीरो हंगर के संदेश के साथ फिटनेस और सामाजिक उद्देश्य का अनूठा संगम

उदयपुर। दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी और वैश्विक स्तर पर शीर्ष 10 चांदी उत्पादकों में शामिल हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने उदयपुर में तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का सफल आयोजन किया। इस वर्ष मैराथन में रिकॉर्ड 9700 से अधिक धावकों ने ऑन-ग्राउंड और वर्चुअल तरीकों से भाग लिया। यह पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक सहभागिता है, जो इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।

भारत की सबसे खूबसूरत मैराथन के रूप में पहचान बना चुकी इस मैराथन में देश और विदेश से आए प्रतिभागियों ने 21.097 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी और 5 किमी श्रेणियों में दौड़ लगाई। इस आयोजन ने पूरे उदयपुर को फिटनेस, उत्साह और सामाजिक उद्देश्य के उत्सव में बदल दिया।

मैराथन में राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों और उदयपुर की विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ-साथ हिंदुस्तान जिंक की प्रमुख शिक्षा पहल शिक्षा संबल के विद्यार्थियों के लिए विशेष चैंपियंस रेस का भी आयोजन किया गया। अनुभवी धावकों, पहली बार भाग लेने वाले प्रतिभागियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला फिटनेस समूहों, कॉर्पोरेट टीम और दिव्यांग खिलाड़ियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक समावेशी बनाया।

मैराथन का शुभारंभ सांसद उदयपुर मन्नालाल रावत, आईजीपी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव, उदयपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहान, राजसमंद कलेक्टर अरुण हसीजा, एसपी राजसमंद हेमंत कलाल, वेदांता समूह के ग्लोबल सीईओ अरुण मिश्रा, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ  अमरेंदु प्रकाश, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, एनी बडी केन रन के  संस्थापक डॉ. मनोज सोनी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सीईओ, हिंदुस्तान जिंक अमरेंदु प्रकाश, ने कहा कि, सिर्फ तीन संस्करणों में इस मैराथन का यह मुकाम हासिल करना बेहद गर्व की बात है। 9700 से अधिक धावकों का उदयपुर में एक साथ आना इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन खेल, उदयपुर की सुंदरता और यहां के लोगों की सामूहिक ऊर्जा को एक मंच पर लाती है। हमारा लक्ष्य इसे देश की सबसे पसंदीदा मैराथनों में शामिल करना और जिंक सिटी की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है।

मैराथन ने आगामी राजस्थान नगर निकाय चुनावों से पहले नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया। आयोजन के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

सुबह के समय बड़ी संख्या में उदयपुरवासियों ने मैराथन के धावकों का उत्साहवर्धन किया। फतेहसागर झील और अरावली पर्वतमाला के मनमोहक दृश्यों के बीच आयोजित इस मैराथन में प्रतिभागियों ने रन फोर जीरो हंगर अभियान का समर्थन करते हुए फिटनेस को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा।

यह मैराथन उदयपुर की जिंक सिटी के रूप में पहचान और यहां की हजारों वर्षों पुरानी जिंक विरासत का भी उत्सव है। हिंदुस्तान जिंक आज इस विरासत को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ा रहा है और यही इस आयोजन को विशेष बनाता है। मैराथन का बढ़ता दायरा उदयपुर को स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में भी और अधिक सहायक हो रहा है। देश-विदेश से आने वाले धावक, उनके परिवार और फिटनेस समूह स्थानीय होटल, पर्यटन और व्यापार क्षेत्र को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

प्रतियोगिता में धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया। 21.097 किमी पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार ने 1 घंटा 8 मिनट 47 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में पूजा ने 1 घंटा 26 मिनट 9 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की। 10 किमी पुरुष वर्ग में तेहेंदर ने 32 मिनट 1 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में कुमारी पारू ने 36 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ जीत हासिल की।

मैराथन पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को हिंदुस्तान जिंक की 99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से निर्मित विशेष जिंक फिनिशर मेडल प्रदान किया गया। यह मेडल मजबूती, उपलब्धि और जिजीविषा का प्रतीक होने के साथ उदयपुर की जिंक विरासत से भी जुड़ाव स्थापित करता है। जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न शहरों के रनिंग समुदायों के साथ-साथ अमेरिका, स्वीडन, इटली, जापान, इंडोनेशिया और केन्या से आए प्रतिभागियों ने भी इस मैराथन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस से प्रमाणित और वैश्विक मैराथन कैलेंडर में सूचीबद्ध वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने अपने तीसरे संस्करण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रिकॉर्ड सहभागिता, मजबूत सामुदायिक जुड़ाव और फिटनेस के साथ सामाजिक उद्देश्य के संदेश ने इसे उदयपुर के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल कर दिया है। हिंदुस्तान जिंक का यह प्रयास स्वस्थ समाज के निर्माण और उदयपुर की पहचान को दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।