चित्तौड़गढ़ (मुकेश मुंदड़ा )। सैनिक स्कूल में अन्तर सदनीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में प्रारम्भ हुई। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल जसरोटिया थे। स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता के प्रभारी पी चंद्रशेखरन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कैडेट्स को खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मुक्केबाजी जैसे खेल न केवल शारीरिक क्षमता को विकसित करते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व कौशल को भी सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया। जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 9 सदनों के कैडेट्स भाग ले रहे हैं। वजन के आधार पर इस मुक्केबाजी प्रतियोगिता को तीन वर्गों में रखा गया है। प्रतियोगिता के प्रारम्भिक मुकाबले अत्यंत रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहे। कुम्भा हाउस के कैडेट आयुष ने हमीर हाउस के मयंक मील को पराजित किया। कुश हाउस के आयुष ने लव हाउस के खिवराज सिंह पर विजय प्राप्त की। प्रताप हाउस के शुभम ने कुश हाउस के हर्ष को, बादल हाउस के पार्थ ने कुम्भा हाउस के आदित्य को, कुम्भा हाउस के शिवप्रताप सिंह ने हमीर हाउस के कुलदेव, सांगा हाउस के विश्वास ने प्रताप हाउस के अमन को, प्रताप हाउस के अनुज ने सांगा हाउस के अंकित को, कुम्भा हाउस के नयन ने कुश हाउस के जयराज को, हमीर हाउस के अनुष्क ने लव हाउस के आशीष कुमार को, कुम्भा हाउस के हर्षित ने लव हाउस के कुलदीप को, जयमल हाउस के अमित ने सांगा हाउस के चिरंजीव को, बादल हाउस के दुष्यंत ने प्रताप हाउस के सचिन को, कुम्भा हाउस के भविष्य ने सांगा हाउस के दिव्यांश को, लव हाउस के अंकित बुरड़क ने कुश हाउस के अस्तिक को, लव हाउस के शिवशक्ति ने कुश हाउस के अनेक को तथा प्रताप हाउस के अजय ने जयमल हाउस के रोहित को पराजित किया। प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स में उत्साह, जोश एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। प्रत्येक मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा। निर्णायकों ने निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मुकाबलों का संचालन किया।

