सिटी पैलेस में प्रज्ञा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जाना मेवाड़ का गौरवशाली इतिहास

श्रीजी हुजूर डॉ लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मुलाकात में बच्चों से अपनी संस्कृति और संस्कारों से गर्व के साथ जुड़े रहने की दी सीख
उदयपुर
: अजमेर जिले के बिजयनगर स्थित प्रज्ञा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने रविवार को उदयपुर स्थित सिटी पैलेस संग्रहालय का भ्रमण कर मेवाड़ की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं विरासत परंपराओं को करीब से जाना। विद्यालय के लगभग 65 विद्यार्थी चार शिक्षकों के साथ दो दिवसीय मेवाड़ भ्रमण पर उदयपुर पहुंचे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सिटी पैलेस संग्रहालय के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन कराया गया। उन्हें मेवाड़ के इतिहास, वीरता, स्थापत्य कला, राजपरंपराओं, संस्कृति और समृद्ध विरासत के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों एवं कलाकृतियों को उत्सुकता के साथ देखा और मेवाड़ की परंपराओं से जुड़े विविध प्रसंगों को समझा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मेवाड़ के 77वे श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भी मुलाकात की। बच्चों से संवाद करते हुए डॉ. मेवाड़ ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के साथ अपनी संस्कृति, संस्कारों और जड़ों से जुड़े रहना तथा अपनी विरासत पर गर्व करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों को पहचानकर निरंतर सीखने, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की ओर से डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि विद्यार्थियों के लिए यह संवाद और सिटी पैलेस संग्रहालय का भ्रमण एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ इतिहास और विरासत को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उनमें अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।