साई तिरुपति विश्वविद्यालय में ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ का शुभारंभ

दीप प्रज्वलन के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का दिया संदेश
उदयपुर।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार साई तिरुपति विश्वविद्यालय के पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स ), उमरड़ा में सात दिवसीय ‘ब्रिस्क सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक 2026’ का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। 1 से 7 नवंबर तक आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं चिकित्सा कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रशांत नाहर, रजिस्ट्रार डॉ. देवेंद्र कुमार जैन, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. कनुप्रिया तिवारी, संक्रमण रोकथाम एवं नियंत्रण अधिकारी डॉ. ज्योति तोमर, क्वालिटी एवं ऑपरेशंस प्रमुख सुश्री कोमल दशोरा, नोडल अधिकारी डॉ. गौरव जैन, ललित वैष्णव, मितेश जैन एवं एनएसएस कार्यकारिणी संयोजक दीपक के नेतृत्व में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अभियान में विश्वविद्यालय के 100 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों, चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण एवं पानी के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अतिथि वक्ता ब्रजेश तोमर (अंबुजा फाउंडेशन) ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल की बर्बादी रोकने, जल संसाधनों का उचित उपयोग करने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।
विश्वविद्यालय में आयोजित इस सप्ताह के अंतर्गत स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, टिकाऊ खाद्य प्रणाली, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, ई-वेस्ट प्रबंधन एवं कचरे को कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों एवं सह-संयोजकों ने उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस पहल के माध्यम से साई तिरुपति विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।